स्वतंत्र बोल
महासमुंद,05 मई 2026: जिले के ग्राम जामपाली और जंघोरा में इन दिनों एक पागल कुत्ते का आतंक लोगों के लिए खौफ का कारण बन गया है। गलियों में बेखौफ घूम रहा यह आक्रामक कुत्ता अब तक करीब दर्जनभर ग्रामीणों को अपना शिकार बना चुका है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, कुत्ता अचानक लोगों पर हमला कर रहा है और किसी को भी नहीं छोड़ रहा। इस हमले में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया और एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए।
घटना के बाद गांवों में भय इस कदर फैल गया है कि लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। खासकर बच्चों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे घर के अंदर ही रहें। ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ता बेहद आक्रामक हो चुका है और लगातार एक के बाद एक लोगों को निशाना बना रहा है।
घायलों में जामपाली के भूषण ध्रुव, संतोष देवांगन, दृष्टि दीवान, रामलाल ध्रुव, पिथौरा के मनोज अग्रवाल, बरेकेल के धनंजय ठाकुर, तेज बाई, जंघोरा के रूपेश तिवारी, रोशनी सिन्हा और बरेकेल खुर्द के भूमि साहू शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस खतरनाक कुत्ते को पकड़ा जाए, अन्यथा और भी लोग इसका शिकार हो सकते हैं। फिलहाल, पूरे इलाके में डर और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।


