स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 नवंबर 2026. स्कूल शिक्षा विभाग में गजब हो रहा है, मंत्रालय के फर्जी आदेश से शिक्षकों का तबादला हो जा रहा और जिम्मेदार मौन है। स्कूल शिक्षा विभाग में सितंबर में 19 शिक्षकों का ट्रांसफर आदेश जारी हुआ था, जिसे बाद में विभाग ने फर्जी बताया और दर्जन भर जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियो को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब माँगा था।
दरअसल सितंबर 2026 में 19 शिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव आरपी वर्मा के हस्ताक्षर से तबादला आदेश जारी हुआ था, पर उसके फर्जी होने की जानकारी विभागीय अफसरो को 20 दिनों के बाद हुई। तब तक संबंधित शिक्षकों ने ज्वाइन भी कर लिया था। हंगामा हुआ तो आनन फानन में डीपीआई ने बलौदाबाजार-भाटापारा, दुर्ग बेमेतरा बालोद सारंगढ़ बलरामपुर राजनांदगांव उत्तर बस्तर कांकेर कबीरधाम धमतरी सरगुजा खैरागढ़ के जिला शिक्षा अधिकरियो को 14 अक्टूबर को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब माँगा था और सभी शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने निर्देशित किया था। डीपीआई से निकले नोटिस में सभी जिला शिक्षाधिकारियो से तीन बिन्दुओ में जानकारी माँगा था जिसमे-
1 उक्त फर्जी स्थानांतरण आदेश आपके कार्यालय में किस माध्यम से प्राप्त हुआ था ?
2 उक्त स्थानांतरण आदेश के आधार पर किन किन कर्मचारियों द्वारा कार्यमुक्ति/ कार्यभार ग्रहण करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया एवं कितने कर्मचारियों को कार्यमुक्ति/ कार्यभार ग्रहण कराया गया है ? सूचि सहित दस्तावेज उपलब्ध कराये।
3 उक्त ट्रांसफर आदेश के फर्जी होने की जानकारी प्राप्त होने पर आपके द्वारा क्या कार्यवाही की गई ?
लीपापोती हुई-
लोक शिक्षण संचालनालय ने तीन दिनों के भीतर संबंधित डीईओ से जवाब माँगा था, पर अधिकांश डीईओ ने सप्ताह भर तक जवाब नहीं दिया। बाद में ट्रांसफर लिस्ट में शामिल सभी शिक्षकों को जहा पदस्थ थे, वही भेज दिया गया। अब खेल यही शुरू कि ट्रांसफर आदेश फर्जी होने की जानकारी 20 दिनों बाद विभाग को कैसे पता चला और संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियो पर डीपीआई ने क्या कार्यवाही की ? दो महीने बाद भी स्कूल शिक्षा विभाग ने फर्जी ट्रांसफर आदेश जारी होने पर अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज कराने की जानकारी नहीं है। दरअसल फर्जीवाड़े के खेल में स्कूल शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी भी बताये जाते है, जिसके चलते पुरे मामले की लीपापोती कर दी गई और किसी भी डीईओ पर कार्यवाही नहीं हुई।
ट्रांसफर उद्योग!
थोक में साल भर तबादले होने पर कांग्रेस ने ट्रांसफर उद्योग कह दिया था। बीते साल भर से लगातार कभी थोक में कभी छूट- पुट तरीके से करीबियों का ट्रांसफर किया जा रहा है। कुछ महीनो पहले करीब 700 शिक्षकों का ट्रांसफर हुआ था। बताते है कि उसके बाद भी जंबो लिस्ट निकलने वाली थी, पर हंगामा होने से लिस्ट छोटी होकर 100 शिक्षकों तक सीमित रहा। स्कूल शिक्षा के सूत्रों के अनुसार किसी किशोर नामक व्यक्ति द्वारा ट्रांसफर लिस्ट में हेरफेर किया गया था, जिसके बाद बवाल हुआ। संगठन द्वारा भेजे गए नामो पर भी जोड़घटाव किया गया था।


