स्वतंत्र बोल
रायपुर 26 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले किसानों के खसरा और फसल रिकॉर्ड में गड़बड़ी दूर की जाएगी। जिन किसानों के रिकॉर्ड में दूसरी फसल दर्ज है, लेकिन वे खेत में धान बोने का दावा कर रहे हैं, वहां अधिकारी मौके पर जाकर जांच करेंगे। राज्य शासन ने खसरा मैपिंग के लिए 15 जनवरी 2027 तक का समय दिया है। वहीं, फसल संबंधी सत्यापन की जानकारी 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध करानी होगी। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को संयुक्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 8 नवंबर को हुई धान खरीदी की तैयारियों संबंधी बैठक में दिए गए निर्देशों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने कलेक्टरों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने और फसल रिकॉर्ड का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
15 जनवरी तक होगी खसरा मैपिंग
ऐसे किसान, जिनके खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में दिखाई नहीं दे रहे हैं, उनकी मैपिंग की जाएगी। इसके लिए संबंधित सहकारी समिति की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ का विकल्प दिया गया है। कलेक्टरों को सहकारी समितियों के माध्यम से ऐसे सभी मामलों का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। खसरा मैपिंग की समय-सीमा 15 जनवरी 2027 तक रखी गई है।
खेत में जाकर देखेंगे कौन-सी फसल बोई गई
डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) में जिन खसरों पर दूसरी फसल दर्ज है, लेकिन किसान वास्तविक रूप से धान बोने का दावा कर रहे हैं, उनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा जिन खसरों की फसल प्रविष्टि DCS और PV ऐप दोनों में उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण या सत्यापन नहीं हो पाया है, उनकी भी जांच होगी। यह काम संबंधित तहसीलदार के माध्यम से कराया जाएगा। सत्यापन के दौरान राजस्व रिकॉर्ड का मौके पर उपलब्ध स्थिति से मिलान किया जाएगा। अधिकारी खेत में बोई गई फसल और उसके रकबे की जांच करेंगे। हर संबंधित खसरे का मौका पंचनामा तैयार होगा। वास्तविक फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए मौके के फोटो भी लगाए जाएंगे।
30 नवंबर तक देनी होगी सत्यापित जानकारी
राज्य शासन ने सत्यापन के बाद सही और अपडेट जानकारी तय प्रारूप में तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस जानकारी को सक्षम अधिकारी से मंजूरी भी लेनी होगी। फसल प्रविष्टि और उसमें संशोधन की आगे की कार्रवाई के लिए सत्यापित जानकारी 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराना अनिवार्य है। सरकार का कहना है कि इस पहल से खसरा और फसल रिकॉर्ड से जुड़ी तकनीकी और दस्तावेजी गड़बड़ियां दूर होंगी। इससे वास्तविक धान उत्पादक पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर उपज बेचने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही धान खरीदी की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।


