स्वतंत्र बोल
रायपुर 26 नवंबर 2026: ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तार दीपक टंडन और बरखा टंडन को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद अदालत ने दोनों को 28 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस बीच पुलिस ने जांच के दौरान बलेनो कार और XUV 700 भी जब्त की हैं। दोनों आरोपियों को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में गिरफ्तार किया गया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने उनसे पूछताछ की और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। रिमांड की अवधि बढ़ाने के लिए पुलिस ने कोर्ट में कोई आवेदन नहीं दिया। इसके बाद अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। आरोप है कि वह डिजिटल टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित कर संबंधित लोगों से रुपये वसूलने के लिए दबाव बनाया जाता था। इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।
6 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर से हुई थी गिरफ्तारी
पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।
होटल वेलकम श्री में भी पुलिस ने की जांच
रिमांड मिलने के बाद रविवार रात पुलिस की टीम दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन को लेकर उसके होटल वेलकम श्री पहुंची थी। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में दर्ज पांच एफआईआर की जांच के सिलसिले में होटल के अलग-अलग कमरों और अंदर संचालित स्पा सेंटर की तलाशी ली गई। इस दौरान स्पा सेंटर से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और कई दस्तावेज जब्त किए गए। पुलिस को जमीन से जुड़े दस्तावेज और गाड़ियों के कागजात भी मिले हैं। एसीपी रमाकांत साहू ने बताया था कि होटल की पूरी तलाशी ली गई है और बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
होटल के स्पा सेंटर का वीडियो भी आया सामने
होटल के अंदर संचालित स्पा सेंटर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक टंडन दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि इसी होटल में दीपक कई लोगों को ठहराता था। आरोप है कि यहां लोगों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाए जाते थे। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जब्त किए गए दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।


