स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 नवंबर 2026: चक्रवात अकवान का असर कमजोर पड़ने के साथ ही छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगभग थम गया है। अब प्रदेश के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव होगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे उत्तरी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं, प्रदेश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
प्रदेश में बारिश का असर हुआ कम
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश में एक-दो जगहों पर बहुत हल्की बारिश हुई। अब बारिश का प्रभाव काफी कम हो गया है। विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। सोमवार को जगदलपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान भी जगदलपुर में 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आंशिक रूप से छाए रह सकते हैं बादल
राजधानी रायपुर में 24 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
गरियाबंद में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान
23 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में न्यूनतम तापमान 16.6 से 20.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। गरियाबंद में सबसे अधिक 20.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। रायपुर में 20.4, बालोद और बलरामपुर में 20.1, बिलासपुर में 20, कोरबा में 19.8 और राजनांदगांव व सूरजपुर में 19.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। इसके अलावा कबीरधाम में 19.3, पेमेतरा में 19, मुंगेली में 18.6 और दुर्ग में 18.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सक्ती और सरगुजा में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 17.8 और बस्तर में 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों में उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान गिरने से ठंड का असर बढ़ सकता है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में फिलहाल न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।


