स्वतंत्र बोल
रायपुर 21 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में कांकेर में पदस्थ राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक वाहन को ई-वे बिल के मामले में छोड़ने और प्रकरण में राहत देने के बदले 1.50 लाख रुपए रिश्वत मांगी थी। ACB ने 21 नवंबर को ट्रैप कार्रवाई कर अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। इस मामले में बिचौलिये इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
वाहन छोड़ने और मामले में राहत देने के लिए मांगी रिश्वत
ACB से मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने शिकायत की थी कि राज्य कर विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी ने उनके वाहन को ई-वे बिल के संबंध में रोके जाने के बाद उसे रिलीज कराने और प्रकरण में राहत देने के बदले रिश्वत मांगी थी। शिकायत के मुताबिक, अधिकारी इस काम के लिए 1.50 लाख रुपए की मांग कर रही थीं। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के बजाय अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।
शिकायत का सत्यापन कर ACB ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद 21 नवंबर को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। ACB जगदलपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। मामले में बिचौलिये के रूप में काम कर रहे इमरान मेमन को भी पकड़ा गया है।


