स्वतंत्र बोल
कोरबा 13 सितंबर 2026. छत्तीसगढ़ की ऊर्जाधानी कोरबा के करतला थाना क्षेत्र स्थित नोन्दरहा बरकोंना गांव में शराब के नशे में धुत दो बच्चों का पिता देव सिंह राठिया 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टॉवर पर चढ़ गया। करीब 7 घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे और लगातार मान-मनौव्वल के बाद पुलिस व प्रशासन ने युवक को सकुशल नीचे उतार लिया। इस घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। युवक के सुरक्षित नीचे आने पर परिजनों, ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
शराब के नशे में टॉवर पर ऊपर-नीचे होता रहा युवक
दो बच्चों का पिता देव सिंह अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर अचानक 150 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गया था। टॉवर की ऊंचाई पर पहुंचकर वह कभी ऊपर तो कभी नीचे होता रहा, जिससे कोई भी बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था। युवक की इस हरकत से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
परिजनों और ग्रामीणों की मिन्नतें रहीं बेअसर
घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। टॉवर के नीचे खड़ी युवक की पत्नी, बच्चे और गांव वाले उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए घंटों गिड़गिड़ाते रहे। हालांकि, नशे में धुत होने के कारण वह परिजनों की मिन्नतों के बावजूद टस से मस नहीं हुआ।
7 घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन ने सकुशल नीचे उतारा
मामले की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने लगातार 7 घंटे तक समझाइश दी। कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद आखिरकार युवक को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।


