अस्पताल में सिर्फ 3 डिलीवरी, फिर नगर निगम में 26 बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र कैसे बने? बड़े नेटवर्क का खुलासा

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 21 नवंबर 2026:
रायपुर की आजाद चौक थाना पुलिस ने नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर समेत तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है, जबकि जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। गिरफ्तार नए आरोपियों में डॉ. खिर सिंधु महानंद (45) निवासी मोतीलाल नगर कोटा, प्रकाश कुमार कौरव (45) निवासी अमलीडीह और अश्वनी शर्मा (38) निवासी रामकुंड विहार शामिल हैं। इससे पहले पुलिस ने कृतिका साहू (34), अहिल्या नामदेव (40) और भिलाई निवासी गीतिका नाग (36) को गिरफ्तार किया था, जिनसे पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली।

ad

अस्पताल में 3 डिलीवरी दर्ज, नगर निगम में 26 दस्तावेज जमा

दिवाकर अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि वर्ष 2026 में वहां केवल तीन प्रसव दर्ज किए गए, लेकिन नगर निगम में जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए 26 दस्तावेज जमा किए गए थे। आरोप है कि डॉ. खिर सिंधु महानंद नवजात बच्चों के खरीदारों को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था और इन्हें कृतिका साहू को सौंपता था। पुलिस के अनुसार ऐसे बच्चों के लिए भी अस्पताल से जुड़े दस्तावेज तैयार किए गए जिनका जन्म वहां नहीं हुआ था। पुलिस ने डॉक्टर के कब्जे से उपचार संबंधी दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किए हैं, जबकि आरोपियों के मोबाइल से कुछ डेटा हटाए जाने की जानकारी मिलने के बाद डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

youtube

गरीब और अविवाहित महिलाओं को मुफ्त प्रसव का झांसा

जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती युवतियों को मुफ्त प्रसव और इलाज का भरोसा देकर अस्पताल में भर्ती कराते थे। बच्चे के जन्म के बाद कथित तौर पर उसका सौदा निसंतान दंपतियों से किया जाता था और रकम आपस में बांट ली जाती थी। कुछ सौदों में बच्चों के लिंग और अन्य विशेषताओं के आधार पर लाखों रुपये की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। अश्वनी शर्मा पर आर्थिक लेन-देन संभालने का आरोप है, जिसके बैंक खातों और नकद लेन-देन की पुलिस जांच कर रही है।

ओडिशा की महिला की शिकायत से खुला मामला

इस मामले का खुलासा ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की एक गर्भवती महिला की शिकायत से हुआ, जिसे आरोपी कृतिका साहू ने मुफ्त प्रसव और इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया था। महिला को गोगांव क्षेत्र स्थित अहिल्या नामदेव के घर ठहराया गया और 4 नवंबर को बच्चे के जन्म के बाद महिला व नवजात को वहां ले जाकर बंधक बना लिया गया तथा बच्चे को बेचने का दबाव बनाया गया। पीड़िता के इनकार करने पर उसे कथित तौर पर धमकाया गया, जिसके बाद उसकी शिकायत पर आजाद चौक थाना पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर नवजात को सुरक्षित बचाया और आगे की गिरफ्तारियां कीं।

गुजरात से कर्नाटक तक संपर्क, 23 से 25 बच्चों की खरीद-बिक्री की जांच

डीसीपी पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुड़िया के मुताबिक सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और अन्य अस्पतालों व दलालों की संभावित संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद होगी। गिरोह के सदस्य कथित तौर पर व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए संपर्क करते थे और छत्तीसगढ़ के अलावा अहमदाबाद, नागपुर व बेंगलुरु तक बच्चों को पहुंचाए जाने की जानकारी सामने आई है। वर्ष 2026 में 23 से 25 बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के आंकड़े सामने आए हैं, जिनकी वास्तविक संख्या जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि जिन बच्चों के नाम पर दस्तावेज बने वे वर्तमान में कहां हैं और किस प्रक्रिया से संबंधित परिवारों तक पहुंचाए गए।