स्वतंत्र बोल
रायपुर 20 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) में निजी अस्पताल संचालन के आरोपों में घिरे और कथित तौर पर कार्रवाई के दायरे में रहे डॉ. जितेंद्र ताम्रकार को महाप्रबंधक (GM) की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय नियमों और राज्य सरकार के आदेशों में स्पष्ट है कि किसी भी डॉक्टर को प्रतिनियुक्ति पर नहीं भेजा जाएगा, फिर अचानक जीएम के प्रशासनिक पद पर प्रतिनियुक्ति कैसे की गई। दीपक बैज ने सरकार से नियुक्ति से संबंधित आदेश, फाइल नोटिंग और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है।
छुईखदान मामले का जिक्र कर लगाया आरोप
दीपक बैज ने कहा कि डॉ. जितेंद्र ताम्रकार द्वारा छुईखदान में निजी अस्पताल संचालित करने और वहां एक महिला की मौत का मामला कांग्रेस विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने पिछले साल विधानसभा में उठाया था। उनके अनुसार, जब विधानसभा में मंत्री ने कार्रवाई प्रक्रियाधीन होने की बात कही थी, तो उसी बीच नियमों के विपरीत निजी अस्पताल संचालन के आरोपों से घिरे डॉक्टर को सीजीएमएससी का जीएम बनाना संदेह पैदा करता है।
दवा खरीद, थैला पहुंच सेवा और फार्मेसी काउंसिल पर सवाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीते ढाई साल में ब्लैक लिस्टेड कंपनियों से दवा खरीदी के कई मामले सामने आए हैं और संभावित थैला पहुंच सेवा के चलते ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने छत्तीसगढ़ फार्मेसी काउंसिल में अयोग्य स्टोर कीपर को रजिस्ट्रार बनाकर वसूली नेटवर्क चलाने के आरोपों तथा बिलासपुर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणियों का भी जिक्र किया। बैज के मुताबिक, इन घटनाओं ने स्वास्थ्य और दवा तंत्र की विश्वसनीयता पर असर डाला है।
मरीजों के भरोसे और पारदर्शिता पर जोर
दीपक बैज ने कहा कि नियामक और खरीद दोनों स्तरों पर अनियमितताओं के आरोप लगने से आम लोगों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा कमजोर होता है और उन्हें निजी इलाज की ओर जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि दवा खरीद की निगरानी और फार्मेसी काउंसिल जैसी नियामक संस्थाओं में पात्रता व पारदर्शिता की अनदेखी होने से कमीशन और वसूली का दबाव दिखता है, जिसका असर गरीब, मजदूर, किसान, महिला और बुजुर्ग मरीजों पर पड़ता है। बैज ने कहा कि सरकारी दवा और स्वास्थ्य व्यवस्था आम परिवारों की जीवनरेखा है और जांच रिपोर्ट व फाइल नोटिंग सार्वजनिक न करना मरीजों की सुरक्षा से पल्ला झाड़ने जैसा है।


