स्वतंत्र बोल
रायपुर 12 नवंबर 2026: राजधानी रायपुर में 24 घंटे के भीतर हत्या की दो वारदातों से सनसनी फैल गई है। एक ओर जहां पुरानी रंजिश में युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर अपहरण के बाद युवक का गला घोंटकर शव गटर में डाल दिया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों और संदेहियों को पकड़ लिया है।
लाखेनगर चौक पर आपसी विवाद में हत्या
पहली घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। 11 नवंबर की रात लाखेनगर चौक पर ईदगाह भाठा निवासी 41 वर्षीय शेख नाजिर और 25 वर्षीय मोहम्मद यूनुस के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान शेख नाजिर ने मोहम्मद यूनुस के सीने पर लोहे के धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल यूनुस को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तेलीबांधा से अपहरण कर कमल विहार में कत्ल
दूसरी घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है, जहां निरंजन पाल नाम के युवक का अपहरण कर कमल विहार (कौशल्या माता विहार) के सेक्टर-13 में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों ने बुधवार को ही तेलीबांधा थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने काशीराम नगर इलाके से युवक का अपहरण किया था और उसे कमल विहार के सुनसान इलाके में ले जाकर गला दबाकर मार डाला। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने मृतक के कपड़े उतारकर जला दिए और शव को मेनहोल (गटर) में डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर दिया। इसके अलावा, वारदात के बाद उसकी बाइक को मुजगहन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नदी में फेंक दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी और FSL की टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया, जिनकी निशानदेही पर मेनहोल से युवक का शव बरामद किया गया। इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।


