स्वतंत्र बोल
रायपुर 12 नवंबर 2026: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को 8 दिनों की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। सीबीआई (CBI) के अधिकारी दिल्ली में पूछताछ करने के बाद हाई सिक्योरिटी के बीच उसे लेकर रायपुर पहुंचे थे। पेशी के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारी भी अदालत में मौजूद रहे। जांच एजेंसी आगे की पूछताछ के लिए सौरभ चंद्राकर की पांच दिन की अतिरिक्त रिमांड मांग सकती है। दूसरी तरफ, मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही ईडी भी अदालत में आवेदन देकर उसकी गिरफ्तारी और रिमांड की मांग करने की तैयारी में है।
4 अधिकारियों-जवानों और बड़े कारोबारियों को CBI का नोटिस
इस मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सीबीआई ने छत्तीसगढ़ के चार अधिकारियों और जवानों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली तलब किया है। इसके अलावा, राज्य के बाहर के कुछ बड़े कारोबारियों को भी नोटिस भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और नामों के आधार पर इन सभी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
दुबई से रवि उप्पल को भारत लाने की कवायद तेज
दूसरी ओर, दुबई में पकड़े गए मामले के एक अन्य मुख्य आरोपी रवि उप्पल को भारत लाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इसके लिए करीब 400 पन्नों के दस्तावेज तैयार कर केंद्र सरकार को भेज दिए हैं।
प्रोटेक्शन मनी के नेटवर्क की हो रही पड़ताल
सीबीआई की पूछताछ में सौरभ चंद्राकर से सट्टेबाजी सिंडिकेट के नेटवर्क और उसे मिले कथित संरक्षण से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। जांच एजेंसी का मुख्य फोकस कथित प्रोटेक्शन मनी के लेन-देन और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाना है। अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि सरकारी तंत्र में किस स्तर पर सिंडिकेट को मदद मिली और अवैध रकम किन रास्तों से संबंधित लोगों तक पहुंचाई जाती थी। इसके लिए पुराने वित्तीय लेन-देन, रकम के स्रोत और कारोबारियों के साथ कथित संपर्कों की जांच की जा रही है।


