मदर डेयरी दूध के दाम बढ़े: जानें किस पैकेट पर कितने रुपए ज्यादा देने होंगे

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 11 नवंबर 2026:
दिल्ली-एनसीआर में दूध की सप्लाई करने वाली प्रमुख कंपनी मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। सूत्रों के अनुसार, यह नई दरें 12 नवंबर (गुरुवार) से लागू हो जाएंगी। मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई, 2026 को कीमतें बढ़ाई थीं, जबकि उससे पहले अप्रैल 2025 में दरों में बदलाव किया गया था।

ad

खरीद लागत बढ़ने से लिया फैसला

सूत्रों के मुताबिक, किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ गई है। इसके चलते कंपनी को बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालना पड़ा है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है। हालांकि, इस मूल्य वृद्धि पर मदर डेयरी के प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

youtube

जानिए किस दूध का कितना हुआ दाम

एनसीआर में दूध की नई दरें इस प्रकार हैं

  • टोन्ड दूध (खुला/बल्क): 58 रुपए से बढ़ाकर 60 रुपए प्रति लीटर।

  • टोन्ड दूध (पैकेट वाला): 60 रुपए से बढ़ाकर 62 रुपए प्रति लीटर।

  • डबल टोन्ड दूध: 54 रुपए से बढ़कर 56 रुपए प्रति लीटर।

  • फुल क्रीम दूध (पैकेट वाला): 72 रुपए से बढ़ाकर 76 रुपए प्रति लीटर।

  • गाय का दूध: 62 रुपए से बढ़ाकर 65 रुपए प्रति लीटर।

रोजाना 50 लाख लीटर से ज्यादा दूध की बिक्री

मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर बाजार में अपने आउटलेट्स, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कुल मिलाकर कंपनी की रोज की बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है। नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी मदर डेयरी की शुरुआत 1974 में हुई थी। पिछले वित्त वर्ष में दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग के चलते कंपनी का टर्नओवर 17 प्रतिशत बढ़कर 20,300 करोड़ रुपए पहुंच गया। कंपनी ‘मदर डेयरी’ नाम से दूध और डेयरी उत्पाद, ‘धारा’ ब्रांड से खाद्य तेल और ‘सफल’ ब्रांड से फल, सब्जियां व फ्रोजन स्नैक्स बेचती है।