स्वतंत्र बोल
पटना 9 नवंबर 2026: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर का दरभंगा के महिनाम गांव में ब्राह्मण समाज को लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बीते 5 नवंबर को दरभंगा पहुंचे प्रशांत किशोर ने ‘मैथिल बुद्धिजीवी विचार संगोष्ठी’ को संबोधित करते हुए ब्राह्मण समाज को उसकी ज्ञान, शिक्षा और परंपरा की विरासत याद दिलाई। उन्होंने कहा कि एक समय था जब मुस्लिम, दलित और पिछड़े समाज के लोग भी ब्राह्मणों के साथ खड़े होते थे और उन्हें वोट देते थे। लेकिन जैसे ही ब्राह्मण समाज ने बीजेपी का झंडा उठाया, करीब 20 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले वोटरों का समर्थन उनसे दूर हो गया और वे दूसरे राजनीतिक विकल्पों की ओर चले गए।
ज्ञान-परंपरा को छोड़ फरसा भांजने पर उठाए सवाल
प्रशांत किशोर ने ब्राह्मण समाज से अपने बच्चों को शिक्षित करने और पूर्वजों की ज्ञान-परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो समाज कभी एक चींटी तक नहीं मारता था, वह परशुराम का वंशज होने का दावा करते हुए फरसा भांजने की बातें करता है और सोशल मीडिया पर मुसलमानों के खिलाफ बयानबाजी करता है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ब्राह्मण समाज अपनी मूल पहचान और ज्ञान की विरासत से दूर क्यों होता जा रहा है।
राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर खड़े किए सवाल
उन्होंने ब्राह्मण समाज की राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक स्थिति पर भी सवाल खड़े किए। प्रशांत किशोर ने कहा कि बेनीपुर से लगातार ब्राह्मण विधायक चुने जाते रहे हैं और दरभंगा के सांसद भी ब्राह्मण ही हैं। इसके बावजूद ब्राह्मण समाज की सामाजिक स्थिति में कितना बदलाव आया है, अगर केवल ब्राह्मण उम्मीदवार देने और उन्हें जिताने से ही समाज की स्थिति बदलनी होती, तो बदल चुकी होती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों के पास न तो धनबल है, न जनबल है, न बाहुबल है और न ही उनकी संख्या बहुत अधिक है। ऐसे में अगर ब्राह्मण समाज को अपनी स्थिति बदलनी है, तो उन्हें अपने पूर्वजों के बताए रास्ते पर चलना होगा और अपने ज्ञान, संस्कारों को बचाना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि दरभंगा और मधुबनी, जो कभी विद्वानों की भूमि हुआ करती थी, आज मजदूरों की जगह बन गई है, और इस परिस्थिति को बदलने पर समाज को विचार करना होगा। इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।


