दिवाली की रात 6 राज्यों में आग से हादसे, कहां कितने लोगों की गई जान?

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 9 नवंबर 2026:
दीपावली की रात देश के कई राज्यों में आग और पटाखों से जुड़े हादसों ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और ओडिशा में हुए अलग-अलग हादसों में बच्चों समेत कई लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के धाराशिव में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई, जबकि मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी में भी छह-छह लोगों की मौत हुई। दिल्ली में पटाखा जलाते समय एक बच्चे की जान गई। राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से दो लोगों की मौत हुई। इन हादसों के अलावा उज्जैन में आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। ओडिशा के कटक में घर में लगी आग ने सात साल के बच्चे की जान ले ली। वहीं, मुंबई में रविवार को दमकल विभाग को आग से जुड़ी 142 कॉल मिलीं, जिनमें 137 पटाखों से संबंधित थीं।

ad

महाराष्ट्र: किराना दुकान के ऊपर बने मकान में आग, एक परिवार के 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दीपावली की रात करीब ढाई बजे किराना दुकान में भीषण आग लग गई। दुकान के ऊपर बने मकान में करंडे परिवार रहता था। रात में आग लगने से परिवार के लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते आग ने दुकान और मकान दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तम त्र्यंबक करंडे, चंद्रकला उत्तम करंडे, गोविंद उत्तम करंडे, ज्योति गोविंद करंडे, गायत्री गोविंद करंडे और सिद्धि गोविंद करंडे के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों की मौत झुलसने और चार की दम घुटने से हुई। परिवार की कृष्णा नाम की एक सदस्य इस हादसे में बच गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर धाराशिव, कलंब और तुलजापुर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

youtube

कटनी: तीन मंजिला इमारत में आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बिल्डिंग की तीनों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। दूसरी और तीसरी मंजिल पर रह रहे परिवार के छह लोग अंदर फंस गए। दम घुटने से सभी की मौत हो गई। बताया गया कि मकान और दुकान के मालिक पूरन अग्रवाल के परिवार के छह लोगों की जान गई है। मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं। रेस्क्यू के बाद सभी शवों को बरही अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर जिला कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा भी मौके पर पहुंचे।

सिवनी: तीन मंजिला मकान में लगी आग, 6 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा कस्बे में सोमवार सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच तीन मंजिला मकान में आग लग गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय घर में 10 लोग मौजूद थे। आग लगने के बाद छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी, ऋतु सोनी, स्मृति सोनी, सूर्य सोनी और 16 वर्षीय आदित्य सोनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं। दमकल और रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई है।

दिल्ली: पटाखा जलाते समय बच्चे की मौत

दिल्ली के नरेला इलाके में 8 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे एक बच्चा घर के सामने अनार पटाखा जला रहा था। इसी दौरान पटाखा फट गया और बच्चे के सीने में चोट लग गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात करीब 10:50 बजे अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि बच्चे को मृत हालत में लाया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

उज्जैन: बिल्डिंग में आग लगने से बुजुर्ग की मौत

मध्य प्रदेश के उज्जैन में नागझिरी थाना क्षेत्र के देवास रोड स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर की बिल्डिंग में रविवार रात अचानक आग लग गई। इस दौरान बुजुर्ग मोहनलाल पिता शंकरलाल आग और धुएं के बीच अंदर फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आग में बिल्डिंग के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की जानकारी सामने आई है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। हादसे के बाद कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा और एसपी प्रदीप शर्मा मौके पर पहुंचे।

पाली: पटाखों की दुकान में आग, दो लोगों की मौत

राजस्थान के पाली जिले के फालना में रात करीब 10 बजे पटाखों की दुकान में आग लग गई। बताया गया कि पास में बच्चे पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान एक चिंगारी दुकान में चली गई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में पास की बैटरी और कटलरी की दुकान भी आ गई। इस तरह कुल तीन दुकानों के जलने की जानकारी है। आग बुझाने के लिए बाली, सांडेराव और रावदला से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल को पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रात करीब 2:30 बजे तक आग पर काबू पाने की कोशिश जारी थी। दुकान के ऊपर बने आवास में रहने वाले तीन लोगों के फोन बंद आने की जानकारी भी सामने आई है। उनकी तलाश की जा रही है।

कटक: घर में आग से 7 साल के बच्चे की मौत, बुजुर्ग गंभीर

ओडिशा के कटक के दरगाह बाजार इलाके में सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक घर में भीषण आग लग गई। आग रॉकी टेलर गली स्थित अशोक मारवाड़ी के घर में लगी। उस समय घर में करीब आठ लोग मौजूद थे। आग और धुएं के कारण कई लोग घर के अंदर फंस गए। हादसे में सात साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की पांच टीमें मौके पर पहुंचीं। घर मुख्य सड़क से करीब 200 मीटर अंदर संकरी गलियों में था। इस वजह से दमकल कर्मियों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। करीब तीन घंटे तक रेस्क्यू और आग बुझाने का अभियान चला। इसके बाद आग पर काबू पाया गया और घर में मौजूद बाकी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मुंबई में दमकल विभाग को मिले 142 फायर कॉल

मुंबई में रविवार को दमकल विभाग को आग से जुड़ी 142 कॉल मिलीं। इनमें 137 मामले पटाखों से जुड़े थे। इन घटनाओं में कुर्ला और मालाड-मार्वे में लेवल-1, जबकि डोंगरी, घाटकोपर वेस्ट और कालिना में लेवल-2 की आग शामिल थी। रविवार की इन घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इससे एक दिन पहले शनिवार को दमकल विभाग को 56 कॉल मिली थीं। इनमें 16 मामले पटाखों से जुड़े थे। शनिवार को अंधेरी की एक हाईराइज बिल्डिंग में धुएं से दम घुटने के कारण लिफ्ट ऑपरेटर की मौत हुई थी।