डीएसपी कल्पना वर्मा विवाद में चर्चा में आया दीपक टंडन अब किस मामले में गिरफ्तार?

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 7 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की सिरगिट्टी पुलिस ने रायपुर से एक तथाकथित न्यूज पोर्टल संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन उर्फ आंबेडकर टंडन के रूप में हुई है। आरोपी रायपुर में एक होटल का संचालन करता है। बिलासपुर के तिफरा स्थित महाराणा प्रताप नगर निवासी मणिशंकर पांडे ने 29 अक्टूबर 2026 को इस मामले में सिरगिट्टी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

ad

एआई तकनीक से छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग का आरोप

youtube

शिकायत के अनुसार, आरोपी दीपक टंडन ने एआई तकनीक का सहारा लेते हुए प्रार्थी की तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक छेड़छाड़ की और फिर विभिन्न सोशल मीडिया मंचों एवं अपने पोर्टल पर भ्रामक व अपमानजनक खबरें प्रकाशित कर दीं। इसका उद्देश्य प्रार्थी की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना और उसे ब्लैकमेल करना था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने छत्तीसगढ़ टोन्ही प्रताड़ना निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की।

रायपुर से गिरफ्तारी और मोबाइल जब्त

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश दी और आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनमें कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्रियां मौजूद हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब्त मोबाइल की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।

चर्चित डीएसपी कल्पना वर्मा प्रकरण से रहा है पुराना नाता

इस गिरफ्तारी का एक और पहलू यह है कि आरोपी दीपक टंडन का नाता छत्तीसगढ़ के उस चर्चित विवाद से रहा है जिसने प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल मचा दी थी। पूर्व में दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए थे। उस समय जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया था। फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।