स्वतंत्र बोल
रायपुर 1 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ ने अपने गठन के 26 साल पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एक विशेष पत्र भेजा है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और बस्तर में आए सकारात्मक बदलावों का विस्तार से जिक्र किया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि अलग राज्य का गठन लाखों लोगों की दशकों पुरानी आकांक्षाओं को पूरा करने वाला निर्णय था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्थापना दिवस पर प्रदेश को शुभकामनाएं दी हैं, जिस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आभार जताया है।
बस्तर में शांति और विकास की नई बयार
प्रधानमंत्री के संदेश का सबसे अहम हिस्सा बस्तर के बदलाव को लेकर रहा। उन्होंने कहा कि कभी माओवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाना जाने वाला बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई पहचान बन रहा है। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह बदलाव संभव हुआ है। ‘बस्तर ओलिंपिक’ के जरिए युवाओं को प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है, तो वहीं ‘नियद नेल्ला नार’ जैसी योजनाएं अंदरूनी इलाकों तक शासन की पहुंच मजबूत कर रही हैं।
‘अंजोर विजन’ से तय हो रहा विकसित छत्तीसगढ़ का सफर
प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार के विजन डॉक्यूमेंट ‘अंजोर विजन’ की सराहना करते हुए कहा कि यह विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने संत गुरु घासीदास के संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ का हवाला देते हुए कहा कि सामाजिक समरसता और समानता की भावना ही डबल इंजन सरकार की नीतियों का आधार है।
रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार
बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों से रेल नेटवर्क मजबूत हुआ है, जबकि चार आधुनिक हवाई अड्डों के जरिए हवाई कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। इन सुविधाओं से व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नए पंख मिले हैं।
गरीबों, किसानों और महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के आंकड़े भी साझा किए:
-
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना: 73 लाख परिवारों को मुफ्त अनाज।
-
आवास योजना: ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 22 लाख से अधिक पक्के आवास।
-
स्वास्थ्य सुरक्षा: करीब ढाई करोड़ आयुष्मान कार्ड बांटे गए।
-
किसान कल्याण: धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था से 25 लाख से अधिक किसानों को उचित मूल्य।
-
महतारी वंदन योजना: 68 लाख से अधिक माताओं और बहनों के खातों में प्रति माह एक हजार रुपये की सहायता।


