स्वतंत्र बोल
भोपाल 30 अक्टूबर 2026: केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी श्रीमती काशी बाई का शुक्रवार, 30 अक्टूबर को निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह भोपाल स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (AIIMS) में अंतिम सांस ली। माताजी के निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तुरंत एम्स पहुंचे और परिवार के साथ इस दुखद घड़ी में मौजूद रहे। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे सीहोर जिले के उनके पैतृक गांव ‘जैत’ में किया जाएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
अपनी माताजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल पर भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने अपनी मां की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुःख और पीड़ा का दिन है। हमारी पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं। मां का जाना जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। आज उनकी स्मृतियाँ मन को भावुक कर रही हैं।” उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए लिखा कि परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। परिवार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, श्रीमती काशी बाई का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे उनके गृह ग्राम जैत (जिला सीहोर) में संपन्न होगा।
नेताओं ने जताया शोक
केंद्रीय मंत्री की माताजी के निधन पर देश और राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा करते हुए लिखा, “शिवराज सिंह चौहान की पूजनीय माताजी के निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। दुख की इस घड़ी में, मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”


