पीएम मोदी के मन की बात के 139वें एपिसोड में पंजाब की ऑर्गेनिक कपास की चर्चा, जानिए क्या है ‘नव-त्रिन्जन’ पहल

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 25 अक्टूबर 2026:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड के जरिए देश-विदेश के लोगों से अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने कपास की खेती को लेकर विशेष जोर दिया और पंजाब के मालवा क्षेत्र में चल रही एक खास पहल की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ और कार्यक्रम के 12 साल पूरे होने पर अपने अनुभव भी साझा किए।

ad

पंजाब में ऑर्गेनिक और प्राकृतिक रंगों वाली कपास की खेती

प्रधानमंत्री ने बताया कि पंजाब में ‘खेती विरासत मिशन’ नाम की संस्था ने ऑर्गेनिक और पारंपरिक कृषि पद्धतियों को नया जीवन दिया है। इस टीम के लोग पंजाब के मालवा क्षेत्र में कपास की प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसे ‘नव-त्रिन्जन’ नाम दिया गया है। इस पहल के तहत बिना किसी केमिकल के ऑर्गेनिक कपास उगाई जाती है। इसके साथ ही यहां प्राकृतिक रंगों वाली कपास भी पैदा की जाती है, जिससे तैयार धागे और कपड़ों को रंगने के लिए अलग से केमिकल की जरूरत नहीं पड़ती। पीएम मोदी ने कहा कि इससे पर्यावरण को बहुत बड़ी मदद मिल रही है।

youtube

‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी उत्पादों पर जोर

लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार का मखाना और कर्नाटक की अरहर दाल को आज दुनिया भर में नए बाजार मिल रहे हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के आदिवासियों के उत्पादों को उनकी कला दर्शाने वाली पैकेजिंग से पहचान मिल रही है। खादी की बढ़ती लोकप्रियता से उन कारीगरों को संबल मिल रहा है जो पारंपरिक कला को जीवित रखे हुए हैं। उन्होंने लोगों से स्थानीय कारीगरों के उत्पाद चुनने की अपील की।

‘मन की बात’ के पूरे हुए 12 साल

कार्यक्रम की शुरुआत को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 12 साल पहले विजयादशमी के पावन अवसर पर ‘मन की बात’ की शुरुआत हुई थी, जो बिना रुके लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह कार्यक्रम किसी तीर्थयात्रा जैसा है, जिसके जरिए वे देशवासियों के प्रयासों को करीब से समझ पाते हैं और उनके योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करते हैं।