स्वतंत्र बोल
मुंबई 24 अक्टूबर 2026 : मुंबई के जुहू इलाके में 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 17 साल का एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, तीनों जयपुर भागने की कोशिश कर रहे थे। पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने दावा किया कि 2022 में सलमान खान की तारीफ करने की वजह से टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया था। इस दावे की पुलिस जांच कर रही है।
कोटा से गिरफ्तार हुए तीन आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा का 17 वर्षीय नाबालिग, बिहार के बेगूसराय जिले के पिपराई निवासी 22 वर्षीय ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत की ईदगाह कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय रेहान शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, ऋतिक कुमार रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता था, जबकि नाबालिग आरोपी के पिता कुम्हार हैं।
सलमान खान की तारीफ से जुड़ा दावा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावर फूल सिंह ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसे हमले की वजह के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। हालांकि, उसके अनुसार, वांछित आरोपी और कथित साजिश के मुख्य आरोपी अनिल पंडित ने उसे बताया था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग, टाइगर श्रॉफ के एक पुराने बयान का बदला लेना चाहता है।
यह बयान 2022 में फिल्म ‘हीरोपंती 2’ के प्रमोशनल इवेंट के दौरान दिया गया था। उस समय टाइगर से ईद पर फिल्म रिलीज करने को लेकर सवाल पूछा गया था। ईद पर अक्सर सलमान खान की फिल्में रिलीज होती हैं।
जवाब में टाइगर ने सलमान खान की तारीफ करते हुए कहा था कि इंडस्ट्री में एक ही टाइगर हैं और वह सलमान सर हैं। उन्होंने खुद की तुलना बिल्ली से की थी और कहा था कि वह सिम्बा यानी टाइगर के बच्चे हैं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टाइगर को निशाना बनाने के पीछे सलमान खान की तारीफ वाला बयान वजह था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
सलमान खान से जुड़े लोगों को धमकियों का भी जिक्र
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पहले भी सलमान खान से जुड़े लोगों को धमकियां दे चुका है। अमेरिका में रहने वाले अनिल पंडित और गैंग के एक अन्य सदस्य हरमन संधू के नाम से कथित तौर पर ऑडियो मैसेज सामने आए थे। इनमें फिल्म इंडस्ट्री के उन लोगों को निशाना बनाने की चेतावनी दिए जाने की बात कही गई थी, जो सलमान खान के साथ काम करते हैं।
गैंग ने 1998 के काले हिरण के शिकार मामले को लेकर सलमान खान से बार-बार माफी मांगने की मांग भी की है। रिपोर्ट्स में कथित धमकियों के संदर्भ में टाइगर श्रॉफ का नाम भी सामने आने की बात कही गई है।


