राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायपुर में जारी किया स्मारक सिक्का, ये है खासियत

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 अक्टूबर 2026:
रायपुर में गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे। यह सिक्का माता हासी देवी के आध्यात्मिक योगदान और समाज के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने के लिए जारी किया गया है।

ad

भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी के सम्मान में यह सिक्का जारी किया है। किसी सिंधी विभूति के सम्मान में इस तरह का स्मारक सिक्का जारी होना सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया गया है।

youtube

सिक्के पर माता हासी देवी की छवि, दूसरी ओर अशोक स्तंभ

इस विशेष सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस सिक्के के जरिए माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह उनके योगदान को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के संदर्भ में भी रेखांकित करता है।

शदाणी दरबार की इकाइयों से कर सकेंगे बुकिंग

सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रह करने के शौकीन लोग इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे। इससे माता हासी देवी के अनुयायियों को उनकी स्मृति से जुड़ा यह सिक्का अपने पास रखने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद

समारोह में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। कार्यक्रम में माता हासी देवी के आध्यात्मिक योगदान और उनकी विरासत के महत्व पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू मौजूद रहे। इनके अलावा मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम और राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित शदाणी दरबार के सदस्य, विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए।