धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं…: सीएम विष्णु देव साय बोले, सुप्रीम कोर्ट के इस ऐतिहासिक फैसले से रुकेगा अवैध धर्मांतरण

Chhattisgarh CM Vishnu Deo Sai File Photo

स्वतंत्र बोल
रायपुर 16 अक्टूबर 2026:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धर्म के आधार पर आरक्षण का लाभ नहीं दिए जाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी परिणामों वाला करार दिया है। गुरुवार को रायगढ़ में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सीएम साय ने कहा कि शीर्ष अदालत का यह निर्णय बहुत अहम है और इससे निश्चित रूप से देश में अवैध धर्मांतरण पर रोक लगेगी। मुख्यमंत्री रायगढ़ में कोलता समाज द्वारा आयोजित ‘नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह’ में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने समाजजनों को पर्व की बधाई देने के साथ कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।

ad

कोलता समाज के कार्यक्रमों के लिए करोड़ों की घोषणाएं

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोलता समाज की सराहना करते हुए कहा कि यह एक शिक्षित, संगठित और प्रगतिशील समाज है, जो कृषि, शिक्षा और व्यापार के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दे रहा है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी इस समाज की अहम भागीदारी है। समाज की गतिविधियों को और मजबूत करने के लिए सीएम ने नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये और ग्राम कोतरलिया चंडी डोंगरी में सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

youtube

छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट पर जताई खुशी

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में पहली बार होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच पर भी अपनी प्रसन्नता साझा की। उन्होंने कहा कि भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच होने वाले इन मुकाबलों से प्रदेश में महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा और हमारी बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे स्टेडियम पहुंचकर महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाज के प्रमुख लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे।