स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 11 अक्टूबर 2026: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6115 को 11 अक्टूबर 2026 को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। उड़ान के दौरान एक यात्री के पावर बैंक से आग और धुआं निकलने लगा। घटना के बाद केबिन क्रू ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान का रास्ता बदल दिया गया। विमान के सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में लगी आग
घटना विमान के अंदर सामान रखने की ऊपर वाली जगह यानी ओवरहेड लगेज कम्पार्टमेंट में हुई। एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने के बाद केबिन में धुआं फैलने लगा। इससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
वीडियो में कुछ यात्री अपने बैग से आग बुझाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। एक यात्री ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्रू ने संभाली स्थिति, हैदराबाद में सुरक्षित उतरा विमान
इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि 11 अक्टूबर को दिल्ली से चेन्नई जा रही फ्लाइट 6E6115 में एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा था। केबिन क्रू ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत कदम उठाए।
एयरलाइन के मुताबिक, सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पायलटों ने विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ने का फैसला किया। इसके बाद विमान राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। केबिन क्रू ने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया।
दूसरे विमान से चेन्नई भेजे गए यात्री
यह उड़ान एयरबस A321-251N विमान से संचालित की जा रही थी। फ्लाइट को दिल्ली से दोपहर 1:10 बजे रवाना होना था, लेकिन यह 1:30 बजे रवाना हुई थी। इसे शाम 4 बजे चेन्नई पहुंचना था। केबिन में धुआं दिखने के बाद विमान का मार्ग बदल दिया गया।
घटना के बाद यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई। इंडिगो ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को रिफ्रेशमेंट देने और नियमित अपडेट उपलब्ध कराने सहित असुविधा कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंडिगो ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


