सीएम विष्णु देव साय ने गिनाईं पीएम मोदी के 25 साल की उपलब्धियां, मंत्रिपरिषद की बैठक में पारित हुआ प्रस्ताव

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 अक्टूबर 2026:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मंत्रिपरिषद की एक अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनके कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे होने पर एक विशेष अभिनंदन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव और विजय शर्मा के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को विस्तार से साझा किया।

ad

3 करोड़ छत्तीसगढ़ वासियों की ओर से अभिनंदन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते हुए यह प्रस्ताव पारित किया गया है। मंत्रिमंडल ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है, ताकि वे लंबे समय तक देश की सेवा करते रहें। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला था और लगातार 13 वर्षों तक गुजरात के विकास का ऐसा मॉडल देश के सामने रखा जिसने पूरे देश को राह दिखाई। इसके बाद वे लगातार चौदहवें वर्ष से देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं।

youtube

नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई और विकास

छत्तीसगढ़ के विकास पर बात करते हुए सीएम साय ने कहा कि राज्य के विकास में नक्सलवाद सबसे बड़ा नासूर और रोड़ा था। लेकिन डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नई रणनीति के साथ काम किया गया। आज इसी मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है कि नक्सलवाद जड़ से समाप्त हो रहा है और हमारी प्रभावी पुनर्वास नीति के चलते 4 हजार से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं।

गरीबों की सेवा और ऐतिहासिक फैसले

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी का पूरा जीवन गरीबों की सेवा के लिए समर्पित रहा है। उनके नेतृत्व में पक्का मकान, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई गई हैं। छत्तीसगढ़ राज्य के लिए 3 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का विस्तार हुआ है और नेशनल हाईवे के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। इसके साथ ही, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक समाप्त करना और केंद्रीय करों की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 42 प्रतिशत करना जैसे ऐतिहासिक कदम उठाकर देश को आर्थिक और सामरिक रूप से शक्तिशाली बनाया गया है।