स्वतंत्र बोल
रायपुर 1 अक्टूबर 2026 :पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को RDA जमीन विवाद समेत कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने रसोई गैस और दूध की कीमतों, आयुष्मान योजना में अस्पतालों पर कार्रवाई, नगर निगम में अधिकारियों और महापौर के बीच विवाद, महानदी जल विवाद और धर्मांतरण को लेकर सरकार से सवाल किए। RDA जमीन मामले पर बघेल ने मंत्री केदार कश्यप को लेकर पुराने परीक्षा प्रकरण का भी जिक्र किया और आरोप लगाए।
RDA जमीन मामले में केदार कश्यप पर निशाना
RDA की जमीन को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेश बघेल ने मंत्री केदार कश्यप पर निशाना साधा। उन्होंने पुराने परीक्षा प्रकरण का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान केदार कश्यप की पत्नी की जगह किसी अन्य महिला के परीक्षा देने का मामला सामने आया था और उसे ले-देकर रफा-दफा कर दिया गया।
बघेल ने कहा, “केदार कश्यप मुश्किल से सांस लिए थे कि दूसरा कांड हो गया।” उन्होंने सवाल उठाया कि हर बार केदार कश्यप ऐसा क्यों करते हैं।
RDA की वेबसाइट पर लाभांडी, कचना और सड्डू से जुड़ी नगर विकास योजना के दस्तावेज सितंबर 2026 में सार्वजनिक किए गए हैं।
LPG और दूध के दाम पर भी सरकार को घेरा
रसोई गैस और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी भूपेश बघेल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई का असर अभी और बढ़ने वाला है।
बघेल के मुताबिक पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और दूध के दाम बढ़ेंगे। उन्होंने सरकार पर महंगाई रोकने के बजाय लोगों को सलाह देने का आरोप लगाया।
आयुष्मान योजना में कार्रवाई पर सवाल
आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों पर हो रही कार्रवाई को लेकर भूपेश बघेल ने सरकार से सवाल किया। उन्होंने पूछा कि अगर अस्पतालों में लापरवाही हो रही थी तो सरकार तीन साल तक क्या कर रही थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के लोग अपने विभाग का काम छोड़कर दूसरे मामलों में ज्यादा व्यस्त हैं। बघेल ने जमीन के काम और अन्य मामलों का जिक्र करते हुए सरकार से अपने-अपने विभागों पर ध्यान देने की बात कही।
नगर निगम विवाद पर बोले- यही सरकार का सुशासन
नगर निगम में अधिकारियों और महापौर के बीच चल रहे विवाद को लेकर भी बघेल ने सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यही सरकार का सुशासन है।
बघेल ने सवाल किया कि आखिर ऐसा दुस्साहस क्यों हुआ। उन्होंने कहा कि नेताओं की कमजोरी पकड़ लिए जाने के कारण ऐसी स्थिति बनी है।
महानदी जल विवाद पर छत्तीसगढ़ के पक्ष में फैसला कराने की मांग
महानदी जल विवाद को लेकर होने वाली बैठक पर भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ के पक्ष में फैसला करवाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि महानदी से जुड़े कई प्रोजेक्ट रुके हुए हैं। गर्मी के समय जगदलपुर में पानी की आपूर्ति के लिए भी महानदी से जुड़े जल संसाधन महत्वपूर्ण हैं।
धर्मांतरण पर सरकार से ठोस कदम की मांग
साहू समाज की ओर से धर्मांतरण को लेकर जताई जा रही चिंता पर भी बघेल ने सरकार से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल गंभीर होने की बात करने से काम नहीं चलेगा।
बघेल के मुताबिक समाज अपनी ओर से कदम उठा रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के कदम इतने ठोस हैं कि उठ ही नहीं रहे।


