स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 सितम्बर 2026 : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत रायपुर नगर निगम में 100 आवासों के निर्माण को मंजूरी मिली है। भारत सरकार की केंद्रीय स्वीकृति एवं निगरानी समिति (CSMC) ने दो एएचपी परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 5 करोड़ 56 लाख रुपये है।
बांसटाल में बनेंगे 40 आवास
बांसटाल स्वीपर कॉलोनी स्लम के पुनर्वास के लिए 40 आवास बनाए जाएंगे। इस परियोजना की कुल लागत 2 करोड़ 11 लाख रुपये है। परियोजना के लिए केंद्रांश के रूप में प्रति आवास डेढ़ लाख रुपये के हिसाब से कुल 60 लाख रुपये मिलेंगे। राज्यांश के रूप में प्रति आवास 2 लाख 33 हजार रुपये के हिसाब से 93 लाख रुपये दिए जाएंगे। आवास निर्माण के लिए हितग्राही अंशदान भी लिया जाएगा। इसके तहत प्रति आवास 1 लाख 45 हजार रुपये के हिसाब से कुल 58 लाख रुपये एकत्र किए जाएंगे।
अमलीडीह में 60 आवासों का निर्माण
अमलीडीह में कमजोर आय वर्ग के लाभार्थियों के लिए 60 आवास बनाए जाएंगे। इस परियोजना की लागत 3 करोड़ 45 लाख रुपये है। इसके लिए केंद्रांश के रूप में प्रति आवास डेढ़ लाख रुपये के हिसाब से 90 लाख रुपये मिलेंगे। राज्यांश के रूप में प्रति आवास 1 लाख रुपये के हिसाब से 60 लाख रुपये दिए जाएंगे। आवासों के निर्माण में हितग्राही अंशदान भी शामिल होगा। इसके तहत प्रति आवास 3 लाख 45 हजार रुपये के हिसाब से कुल 1 करोड़ 95 लाख रुपये एकत्र किए जाएंगे।
36 महीने में पूरा करना होगा काम
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने दोनों परियोजनाओं को स्वीकृति तिथि से 36 महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा। दोनों एएचपी परियोजनाओं में आवासों का आबंटन पारदर्शी प्रक्रिया से करने के निर्देश दिए गए हैं। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर भूतल या निचले तलों पर आवास देने को भी कहा गया है।


