स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 सितम्बर 2026 :राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव के बाद मूर्तियों के विसर्जन को लेकर रायपुर नगर निगम ने प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और शासन के पर्यावरण सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन कराते हुए खारून नदी के मूल जल में प्रतिमाओं के विसर्जन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। अब गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन महादेव घाट पर खारून नदी के तट पर बनाए गए विशेष विसर्जन कुंड में ही कराया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नगर निगम ने अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की है।
एनजीटी के नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से विसर्जन से पहले मूर्तियों से पूजन सामग्री को अलग कराकर उपयुक्त स्थल पर रखा जाएगा, ताकि नदी का जल दूषित न हो। इसके अलावा आयुक्त ने शहर में ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और सड़कों पर यातायात बाधित करने वाले गणेश पंडालों पर कड़ी कार्रवाई के लिए जिला व पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।
महादेव घाट और लाखे नगर में कंट्रोल रूम व चिकित्सा सुविधाएं
महादेव घाट विसर्जन स्थल पर संपूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था की कमान संभालने वाली समिति में प्रभारी अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, नगर निवेशक आभास मिश्रा, जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, जोन 5 कमिश्नर खीरसागर नायक और उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव बाबरा शामिल हैं। विसर्जन स्थल पर भारी मूर्तियों के लिए क्रेन, गोताखोर, मोटर बोट, मजबूत रस्से, मंच, शामियाना, टॉर्च, लॉन्ग बूट, रेनकोट, बड़े आकार के छाते, सर्च लाइट, कंट्रोल रूम और अग्निशमन वाहनों की तैनाती की जा रही है।
श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा व सहायता के लिए लाखे नगर चौक और महादेव घाट पर मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। लाखे नगर चौक में सर्च लाइट, पंडाल, मंच, माइक, कंट्रोल रूम, प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की तैनाती जोन 5 कमिश्नर द्वारा की जाएगी। वहीं महादेव घाट विसर्जन स्थल पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की टीम एंबुलेंस व आवश्यक दवाओं के साथ मुस्तैद रहेगी, जिसके लिए उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव बाबरा मुख्य चिकित्सा अधिकारी से समन्वय कर कार्रवाई करेंगे।


