1.00 करोड़ से ज्यादा का डाका, 29 FD बॉन्ड और 10 साल का खेल… धमतरी में SBI खाताधारकों के साथ कैसे हुआ इतना बड़ा फर्जीवाड़ा?

Untitled

स्वतंत्र बोल
धमतरी 21 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की भखारा थाना पुलिस ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के खाताधारकों के साथ 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये की ठगी और गबन करने वाले कियोस्क सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है। आरोपी कियोस्क संचालक ने करीब 10 साल तक फर्जीवाड़ा कर इस बड़ी राशि का गबन किया, जिसके बाद शिकायत मिलने पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे कुरुद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

ad

10 साल में अंजाम दिया 1.00 करोड़ से ज्यादा का गबन
धमतरी में ‘NICT Technologies Pvt. Ltd’ कंपनी भारतीय स्टेट बैंक के अनुबंध पर ग्राहक सेवा केंद्रों (कियोस्क) का संचालन कराती है। संस्था ने ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर के संचालन के लिए आरोपी केशव राम साहू (40 वर्ष) को नियुक्त किया था। संस्था के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर ने आरोपी के खिलाफ भखारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच धोखाधड़ी और कूटरचना कर कुल 1,00,75,717 रुपये का गबन किया।

youtube

कियोस्क सेंटर से लैपटॉप और 29 एफडी बॉन्ड जब्त
शिकायत के आधार पर भखारा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने संदेही केशव राम साहू की तलाश कर उसे हिरासत में लिया, जहां पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने ग्राम कोरा स्थित कियोस्क से एक लेनोवो कंपनी का लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर जब्त किए हैं।

बालोद का रहने वाला है आरोपी, कुरुद कोर्ट से भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी केशव राम साहू मूल रूप से बालोद जिले के देवकोट का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के बोरिया खुर्द स्थित अर्जुन विहार में रह रहा था। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद भखारा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और कुरुद स्थित न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए हैं।