स्वतंत्र बोल
बलौदाबाजार 18 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार स्थित पंडित चक्रपाणी मल्टीपरपज स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में एक शिक्षक पर शराब के नशे में छात्राओं से गाली-गलौज, बदसलूकी और मारपीट करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम ने स्कूल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शिकायत करने पहुंचे परिजनों के साथ आए एक छात्र का वीडियो बनाने पर प्रिंसिपल ने उसे थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद स्कूल परिसर में हंगामा और बढ़ गया।
नशे में स्कूल आने और फेल करने की धमकी का आरोप
आरोपी शिक्षक नरेश तिवारी स्कूल में व्याख्याता हैं और 11वीं व 12वीं के छात्रों को साइंस पढ़ाते हैं। छात्रों का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पहले वह शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने छात्राओं के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की, तथा विरोध करने पर मारपीट भी की। जब छात्रों ने इस मामले की शिकायत करने की बात कही, तो शिक्षक ने उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी।
प्रिंसिपल ने मारा थप्पड़, मीडियाकर्मियों ने दिया धरना
शिक्षक की धमकी के बाद छात्र अपने परिजनों के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रिंसिपल वंदनी श्रीवास्तव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कवरेज के लिए मीडियाकर्मी भी स्कूल पहुंच गए, जिससे प्रिंसिपल और मीडियाकर्मियों के बीच विवाद हो गया। प्रिंसिपल ने मीडियाकर्मियों को अपने केबिन से बाहर जाने के लिए कहा। इस बातचीत के दौरान एक छात्र अपने फोन से वीडियो बना रहा था। प्रिंसिपल ने “दिस इज माय ऑर्डर” कहते हुए उसे मना किया और फिर छात्र को थप्पड़ मार दिया। इस घटना के बाद मीडियाकर्मियों ने प्रिंसिपल पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए स्कूल के सामने धरना दिया।
पुलिस ले गई मुलाहिजा कराने, जांच जारी
कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची प्रशासनिक और शिक्षा विभाग की टीम ने मौके पर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। शुरुआती जांच प्रक्रिया के बाद पुलिस आरोपी शिक्षक को चिकित्सीय परीक्षण (मुलाहिजा) के लिए अपने साथ ले गई। फिलहाल शिक्षक पर लगे आरोपों और स्कूल में घटी पूरी घटना की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।


