स्वतंत्र बोल
रायपुर 21 अगस्त 2026 छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर सेकेंड ईयर की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। 20 अगस्त को होने वालीएंटोमोलोग्य की परीक्षा का पेपर परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही व्हत्सप्प पर वायरल हो गया। मामले की शुरुआती जांच में वायरल प्रश्नपत्र के करीब 70 फीसदी सवाल मूल प्रश्नपत्र से हूबहू मिलते थे.
परीक्षा में 27 कृषि कॉलेजों के लगभग 1200 छात्र शामिल हुए थे.
परीक्षा शुरू होने से पहले ही सुबह करीब 8 बजे विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रश्नपत्र के वायरल होने की शिकायत मिल गई थी। इसके बावजूद परीक्षा आयोजित कराई गई। बाद में छात्रों के बीच पेपर लीक होने की खबर फैलने के बाद विरोध और हंगामा शुरू हो गया।
मामला बढ़ने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोपहर करीब 2 बजे परीक्षा को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उसी रात करीब 10 बजे रायपुर के तेलीबांधा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। अब राज्य की एंटी-क्राइम एंड साइबर यूनिट इस मामले की जांच कर रही है।
जांच एजेंसी व्हत्सप्प पर वायरल हुए प्रश्नपत्र के डिजिटल फुटप्रिंट खंगाल रही है। इसका मकसद यह पता लगाना है कि प्रश्नपत्र सबसे पहले किसके पास पहुंचा और इसे किस नंबर से आगे भेजा गया।
मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर विश्वविद्यालय ने पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। समिति पेपर लीक की वजह, परीक्षा व्यवस्था में हुई संभावित चूक और विश्वविद्यालय के किसी कर्मचारी की संलिप्तता समेत तमाम पहलुओं की जांच करेगी।
प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पेपर लीक के कारण रद्द की गई परीक्षा अब सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में दोबारा आयोजित किए जाने की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी है। परीक्षा की नई तारीख और टाइमटेबल के लिए छात्रों को अपने-अपने कॉलेज के डीन कार्यालय से संपर्क करने की सलाह दी गई है।


