स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अगस्त 2026 भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई टीम का ऐलान कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त 2026 को 65 पदाधिकारियों की सूची जारी की। नई टीम में कई राज्यों के नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस बदलाव में छत्तीसगढ़ को भी खास प्रतिनिधित्व मिला है।
छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नियुक्तियों को प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा में इसे बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।
रूप कुमारी चौधरी वर्तमान में सांसद हैं और अब राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चे की कमान संभालेंगी। उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
भाजपा ने दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया है। पार्टी के डिजिटल अभियानों और सोशल मीडिया गतिविधियों में उनकी लंबे समय से सक्रिय भूमिका रही है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अलग-अलग राज्यों के कई वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव और बैजयंत जय पांडा समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है।
वहीं राष्ट्रीय महामंत्री के तौर पर विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। नई टीम के गठन के साथ पार्टी ने संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सक्रिय करने के साथ-साथ महिला नेतृत्व और डिजिटल नेटवर्क पर भी खास फोकस का संकेत दिया है।
छत्तीसगढ़ के लिहाज से देखें तो रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के की राष्ट्रीय टीम में नियुक्ति प्रदेश भाजपा के लिए दो अहम संगठनात्मक उपलब्धियां मानी जा रही हैं।


