स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 अगस्त 2026. 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के बैजनाथ पारा स्थित लेदर लैंड के सामने गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा शामिल हुए और राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के बाद विधायक पुरन्दर मिश्रा ने तिरंगे को नमन करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा करना तथा भारत को विकास और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बैजनाथ पारा में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों ने ध्वजारोहण समारोह में हिस्सा लिया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान नागरिकों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी लिया। विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ का भाव केवल स्वतंत्रता दिवस के उत्सव तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमें राष्ट्रप्रेम, कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, जोन क्रमांक 4 के अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोएब खान सहित वार्डवासी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रगौरव को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।


