श्मशान घाट में तंत्र साधना? जज की तस्वीरों से मचा हड़कंप…

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 10 अगस्त 2026
सीपत क्षेत्र के देवरी गांव स्थित मुक्तिधाम में देर रात कथित तंत्र-मंत्र किए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियां देखीं और मौके पर पहुंचकर एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ad

ग्रामीणों के मुताबिक, श्मशान घाट में चार युवक मौजूद थे। ग्रामीणों के पहुंचने पर तीन युवक मौके से भाग निकले, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। मौके की तलाशी लेने पर पूजा सामग्री, नींबू, नारियल, सिंदूर, मरी हुई मछली और कुछ तस्वीरें मिलने की बात सामने आई है। इनमें हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत दो अन्य लोगों की तस्वीरें होने का दावा किया गया है।

youtube

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ करती दिखाई दे रही है। हालांकि, वायरल वीडियो और उसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार, निवासी राजकिशोर नगर, बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने से इनकार किया और खुद को बिल्डर बताते हुए गांव में घूमने की बात कही।

पुलिस को जांच के दौरान यह जानकारी मिली है कि ऋषिकेश का एक रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है।

पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश सोशल मीडिया के माध्यम से एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था। आरोप है कि तांत्रिक ने जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत दिलाने के लिए श्मशान घाट में कथित तांत्रिक क्रिया करने की बात कही थी। इसी के बाद चार लोगों के देवरी मुक्तिधाम पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि श्मशान घाट में वास्तव में क्या गतिविधि हो रही थी और वहां मिली तस्वीरों व पूजा सामग्री का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया था। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।