स्वतंत्र बोल
बालोद 01 जुलाई 2026: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। रोज-रोज के झगड़ों से तंग आकर एक महिला ने आधी रात अपनी सौतन की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले सो रही महिला पर खाट के खुरे (पाए) से हमला किया और फिर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
यह सनसनीखेज घटना बालोद जिले के नेवारीकला गांव की है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी अमृत बाई साहू ने दूसरे कमरे में सो रही अपनी सौतन दया बाई साहू पर हमला कर दिया। पहले उसने खाट के खुरे से कई वार किए और फिर धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खेत की ओर भाग गई।
रात करीब तीन बजे पति चिम्मन साहू की नींद खुली तो उसने देखा कि उसके पास सो रही अमृत बाई वहां नहीं है। जब वह दूसरे कमरे में पहुंचा तो दया बाई का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। यह देखकर उसने ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद कोटवार के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही बालोद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का शक अमृत बाई पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में अमृत बाई ने पुलिस को बताया कि उसकी सौतन के साथ आए दिन विवाद और झगड़े होते थे। लगातार तनाव और विवाद से परेशान होकर उसने गुस्से में हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।


