स्वतंत्र बोल
बलौदाबाजार 29 मई 2026: बलौदाबाजार में देर रात पुलिस की घेराबंदी के दौरान ऐसा खुलासा हुआ, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक साधारण सी बाइक पर जा रहे दो युवक अपने साथ ऐसा सामान लेकर घूम रहे थे, जिसे देखकर पुलिस टीम भी दंग रह गई। पिट्ठू बैग के अंदर छिपाकर लाखों रुपए का गांजा ले जाया जा रहा था।
मामला लवन थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों, अवैध महुआ शराब, जुआ-सट्टा और गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक बाइक में गांजा लेकर इलाके से गुजरने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और सुनसान रास्ते पर घेराबंदी कर दी गई। कुछ देर बाद पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर जब पूछताछ शुरू की, तो दोनों घबराने लगे। शक गहराने पर टीम ने उनके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली।
बैग खुलते ही पुलिस के होश उड़ गए। अंदर से 10.204 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से गांजा, दो मोबाइल और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक जब्त कर ली।
पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम लखन वर्मा और मुकेश कुमार बताया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत धारा 20(बी) NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी में जुटी है।
अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में लगी हैं कि आखिर यह गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस तक पहुंचाने की तैयारी थी।


