NH-130C पर मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन… टक्कर इतनी भीषण कि युवक ने मौके पर तोड़ा दम, बाइक के उड़ गए परखच्चे

स्वतंत्र बोल
गरियाबंद 01 जुलाई 2026:
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नेशनल हाईवे-130सी पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

ad

यह दुर्घटना पांडुका थाना क्षेत्र के सरकड़ा के पास हुई। जानकारी के अनुसार, रजनकट्टा निवासी 19 वर्षीय गेंद विश्वकर्मा अपने साथी तिजेश्वर साहू (19) के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

youtube

टक्कर के बाद गेंद विश्वकर्मा सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तिजेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पांडुका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा किसी अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से हुआ। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।