दशकों की सेवा के बाद मंत्रालय में भावुक पल… सम्मान के साथ हुई तीन अधिकारी-कर्मचारियों की विदाई

स्वतंत्र बोल
रायपुर 01 जुलाई 2026:
राज्य शासन की सेवा में लंबे समय तक अपनी जिम्मेदारियां निभाने के बाद सेवानिवृत्त हुए मंत्रालय के तीन अधिकारी-कर्मचारियों को बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। आयोजित सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ad

सम्मानित होने वालों में श्रम विभाग के अवर सचिव कीर्तिवर्धन उपाध्याय, गृह विभाग के स्टाफ ऑफिसर राजेश हीरा तथा स्कूल शिक्षा विभाग के दफ्तरी चौनसिंह शामिल रहे। तीनों ने अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने के बाद शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति ली।

youtube

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ निभाई गई शासकीय सेवा हमेशा प्रेरणादायी होती है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को मजबूत और प्रभावी बनाने में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जिसका योगदान हमेशा याद रखा जाता है।

उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वस्थ, सम्मानपूर्ण और सुखमय जीवन की कामना करते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मंत्रालय के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे तथा सभी ने सेवानिवृत्त साथियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की।