स्वतंत्र बोल
बेमेतरा 27 जून 2026: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। चंदनू थाना क्षेत्र के एक गांव में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की फरसे से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना चंदनू थाना क्षेत्र के ग्राम भदराली की है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कन्हैया बंजारे के रूप में हुई है, जो नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के निवासी थे। बताया जा रहा है कि कन्हैया और गांव के ही 65 वर्षीय बउवा चतुर्वेदी के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
इसी रंजिश के चलते शनिवार को गांव के चौक में दोनों का आमना-सामना हुआ। आरोप है कि इसी दौरान बउवा चतुर्वेदी ने फरसा निकालकर कन्हैया पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की गंभीरता इतनी अधिक थी कि कन्हैया बंजारे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चंदनू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के साथ-साथ हत्या के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।


