खाद संकट के बीच बड़ा खुलासा! गोदाम में छिपाकर रखी थीं 1205 बोरी खाद, कृषि विभाग की दबिश से मचा हड़कंप

स्वतंत्र बोल
आरंग 27 जून 2026:
 खरीफ सीजन के दौरान खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों के बीच रायपुर जिला कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समोदा स्थित एक कृषि केंद्र में अवैध रूप से भंडारित 1205 बोरी उर्वरक जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जमाखोरों और कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

ad

कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान पाया कि गोदाम में कुल 1205 बोरी यानी 60.25 मीट्रिक टन उर्वरक बिना वैध रिकॉर्ड और स्रोत प्रमाण पत्र में किसी भी प्रकार की एंट्री के अवैध रूप से रखा गया था। जांच में भंडारण संबंधी नियमों का उल्लंघन सामने आने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे स्टॉक को उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के तहत जब्त कर लिया।

youtube

जब्त किए गए उर्वरक को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा के लिए फिलहाल मेसर्स वर्मा कृषि केंद्र, समोदा के सुपुर्द किया गया है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेज दी गई है।

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब खरीफ सीजन के कारण किसान खाद के लिए सोसायटियों और निजी दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर किसानों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करने के बावजूद पर्याप्त मात्रा में उर्वरक नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में बड़ी मात्रा में अवैध खाद का भंडारण मिलने से कृत्रिम संकट पैदा कर कालाबाजारी किए जाने की आशंका और गहरा गई है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिलेभर में उर्वरकों के परिवहन, भंडारण और वितरण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग के उड़नदस्ता दल और स्थानीय टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने, जमाखोरी करने या अवैध भंडारण करने वाले कारोबारियों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण सहित कड़ी कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।