रायगढ़ में बन रहा खेलों का महाकेंद्र! 91 करोड़ के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करने पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव

स्वतंत्र बोल
रायगढ़ 19 जून 2026 :  छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम तेजी से आगे बढ़ रहा है। रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित ग्राम लोहरसिंग में 91 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहे इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।

ad

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत प्रशासनिक भवन, छात्रावास, स्टाफ रूम और पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य शुरू हुए हैं। निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कार्यों में तेजी लाने और सभी निर्माण कार्यों को स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया।

youtube

34 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक खेल परिसर

रायगढ़ में 34 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहा यह इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रदेश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल होगा। यहां फुटबॉल, एथलेटिक्स, हॉकी, तीरंदाजी, स्विमिंग सहित 18 विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा इनडोर स्टेडियम और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं आवासीय सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा।

खिलाड़ियों को मिलेगी राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने रायगढ़ जिले में विभिन्न खेल संघों का गठन कर खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी बात कही।

उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग की सहायक संचालक प्रतिमा सागर को जिले में खेल गतिविधियों को संगठित रूप से बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष सहयोग और प्रोत्साहन देने पर भी जोर दिया।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का बनेगा केंद्र

निरीक्षण के दौरान अरुण साव ने कहा कि यह आधुनिक खेल परिसर रायगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विश्वस्तरीय खेल अधोसंरचना तैयार करना है, जहां भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सर्वसुविधायुक्त इंटिग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने के बाद रायगढ़ जिले में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण एवं प्रतियोगी माहौल उपलब्ध हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, रायगढ़ नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह छत्री तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता अमित कश्यप सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।