स्वतंत्र बोल
खैरागढ़ 18 जून 2026: कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित जिला आबकारी कार्यालय से सामने आए एक वीडियो ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कार्यालय के कर्मचारियों के कथित तौर पर शराब सेवन करते दिखाई देने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य लिपिक सहित दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इस घटना ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और कार्यसंस्कृति को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में जिला आबकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 सुजीत पुरी गोस्वामी और मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव कथित रूप से शराब का सेवन करते नजर आए। वीडियो सामने आते ही मामला चर्चा का विषय बन गया और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ने लगा।
प्रकरण की प्रारंभिक जांच और विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रसारित जानकारी के आधार पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। जांच में कार्यालयीन समय के दौरान शराब सेवन किए जाने की आशंका गंभीर प्रतीत होने पर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया।
जारी आदेश के अनुसार मुख्य लिपिक वीरेंद्र सिंह यादव द्वारा कार्यालयीन समय में अपने कक्ष में मद्यपान किए जाने की जानकारी प्रथम दृष्टया सामने आई है। प्रशासन ने इसे शासकीय सेवक के लिए अपेक्षित आचरण के विपरीत, गंभीर अनुशासनहीनता और विभागीय मर्यादा के खिलाफ माना है।
अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर द्वारा जारी आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत वीरेंद्र सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मामले से जुड़े एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारी का मुख्यालय जिला आबकारी कार्यालय, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई निर्धारित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। नियमानुसार निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील सरकारी परिसर में कथित शराब सेवन का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अनुशासनहीनता और विभागीय गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब सभी की नजर आगे होने वाली विभागीय जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है।


