सुनसान सड़क पर दौड़ रही थी बाइक, रोकते ही खुल गया शराब तस्करी का खेल; आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई

स्वतंत्र बोल
रायपुर 15 जून 2026:  अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राजनांदगांव जिले में आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। ककोड़ी-बंजारी मार्ग पर की गई कार्रवाई में एक दोपहिया वाहन से अवैध शराब की खेप बरामद की गई है। कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

ad

जानकारी के अनुसार जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल और आबकारी वृत्त चिचोला की संयुक्त टीम क्षेत्र में निगरानी अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की गई। तलाशी लेने पर वाहन से महाराष्ट्र निर्मित देशी शराब बरामद हुई।

youtube

बाइक में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब

आबकारी अधिकारियों के मुताबिक बाइक क्रमांक सीजी 08 एबी 9020 से 30 नग देशी शराब संत्री नंबर-01 का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जब्त शराब की मात्रा 5.4 बल्क लीटर बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान ग्राम कोलिहा लमटी निवासी मुकेश्वर साहू को मौके से पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शराब और वाहन दोनों जब्त

आबकारी विभाग ने आरोपी के कब्जे से बरामद शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक को जब्त कर लिया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई जा रही है।

अवैध कारोबारियों पर लगातार नजर

आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।