स्वतंत्र बोल
रायगढ़ 15 जून 2026: साप्ताहिक हाट-बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को निशाना बनाकर लंबे समय से झपटमारी और पाकेटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। हैरानी की बात यह है कि इस गिरोह में पांच महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे, जो भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की जेब और गहनों पर हाथ साफ करते थे।
लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सभी छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से झपटमारी में लूटी गई सोने की चैन, घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन और मोबाइल फोन समेत करीब 8 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब लैलूंगा की इमलीपारा निवासी 67 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो अपने पति के साथ साप्ताहिक बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से करीब एक तोला वजनी सोने की चैन झपट ली। घटना के बाद जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो कुछ महिलाएं संदिग्ध हालत में नजर आईं।
महिला आरक्षक की सतर्कता से खुला पूरा खेल
बाजार में मची अफरा-तफरी के बीच महिला आरक्षक पूनम साहू ने ग्रामीणों की मदद से एक संदिग्ध महिला को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मंगरीता गिरी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने एक अन्य आरोपी दीपक गिरी को भी हिरासत में लिया।
दोनों से हुई सघन पूछताछ में ऐसा खुलासा हुआ जिसने पुलिस को सीधे एक संगठित गिरोह तक पहुंचा दिया। आरोपियों ने बताया कि वे बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र से अपने परिवार की अन्य महिला सदस्यों के साथ इको वाहन में लैलूंगा पहुंचे थे और भीड़भाड़ वाले बाजारों तथा मेलों में वारदातों को अंजाम देते थे।
वारदात के बाद जशपुर में छिपे थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि घटना के बाद गिरोह के अन्य सदस्य जशपुर जिले में अपने परिचितों के यहां शरण लेने चले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया।
लैलूंगा पुलिस ने देर रात दबिश देकर जशपुर से गिरोह की चार अन्य महिला सदस्यों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
सोने की चैन, वाहन और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 ग्राम वजनी सोने की चैन और लॉकेट, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई इको वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल मिलाकर लगभग 8 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के बाजारों में सक्रिय अन्य संदिग्ध गिरोहों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है।


