पेट्रोल पंपों पर अचानक उमड़ी भीड़! दंतेवाड़ा में फ्यूल संकट से मचा हड़कंप, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

दंतेवाड़ा। जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर अचानक स्थिति बिगड़ने से कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के मुख्य आपूर्ति केंद्र में आई तकनीकी समस्या के कारण जिले के करीब 8 पेट्रोल पंपों तक फ्यूल की सप्लाई प्रभावित हो गई है। इसके चलते कई स्थानों पर ईंधन लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

ad

जिला प्रशासन ने स्थिति को लेकर लोगों से संयम बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घबराहट में पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भंडारण न करें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के लिए कंपनी स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

youtube

प्रशासन के अनुसार गीदम स्थित दंतेश्वरी सर्विस सेंटर, बचेली का स्टार पेट्रोल पंप, दंतेवाड़ा के एसआर फ्यूल और जोगीसोरी फ्यूल, नकुलनार का भदावर फ्यूल, बारसूर का ओम साईं राम पेट्रोलियम, जमावड़ा का गजलू गुरुजी पेट्रोलियम तथा कटेकल्याण का युगांत फ्यूल फिलहाल इस समस्या से प्रभावित हैं।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने कहा है कि कृषि कार्य, एंबुलेंस सेवा, सार्वजनिक परिवहन, शासकीय गतिविधियों और निर्माण कार्यों पर असर न पड़े, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि HPCL के प्रभावित पंपों पर सप्लाई बहाल होने तक नागरिक अन्य कंपनियों के पेट्रोल पंपों से ईंधन प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए प्रशासन ने उन पेट्रोल पंपों की सूची भी जारी की है, जहां वर्तमान में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है।

इन पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध है ईंधन

गीदम

  • सुनील पेट्रोल पंप (BPCL)
  • अशोक पेट्रोल पंप (BPCL)

बचेली

  • ग्रेस फ्यूल (BPCL)
  • नंदराज फ्यूल्स (IOC)

किरंदुल

  • केए फ्यूल (BPCL)
  • बैलाडीला सर्विस स्टेशन (IBP)

बालूद

  • एलएन फ्यूल (BPCL)

नकुलनार

  • नायक देवल फ्यूल (BPCL)

कारली

  • न्यू उजाला पुलिस पेट्रोल पंप (IOC)

कटेकल्याण

  • मां दंतेश्वरी फ्यूल (IOC)

दंतेवाड़ा

  • मोडियम पेट्रोलियम (IOC)
  • मां दंतेश्वरी जिओ फ्यूल्स (जियो-बीपी)

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आवश्यकतानुसार ही ईंधन लेने की अपील की है। वहीं, फ्यूल सप्लाई सामान्य होने तक स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।