राजनीति की भागदौड़ के बीच भावुक हुए मुख्यमंत्री, शादी की सालगिरह पर पत्नी कौशल्या साय को दिया खास संदेश

स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 मई 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी शादी की 35वीं सालगिरह पर ऐसा भावुक संदेश साझा किया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। राजनीतिक मंचों पर अक्सर गंभीर नजर आने वाले मुख्यमंत्री इस खास मौके पर बेहद भावुक दिखाई दिए और अपनी पत्नी कौशल्या साय के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।

ad

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनके वैवाहिक जीवन के 35 वर्ष पूर्ण हो गए हैं और इस अवसर पर वे अपनी अर्धांगिनी के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।

youtube

उन्होंने कहा कि इन 35 वर्षों में पत्नी कौशल्या साय का अथाह स्नेह, अटूट धैर्य, गहरी समझबूझ और हर परिस्थिति में मिला सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। मुख्यमंत्री ने लिखा कि जीवन की हर चुनौती का सामना करने और अपने दायित्व निभाने की प्रेरणा उन्हें अपनी पत्नी से मिली।

CM साय ने अपने संदेश में यह भी कहा कि उनके व्यक्तिगत और सार्वजनिक जीवन में कौशल्या साय की भूमिका हमेशा बेहद महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रही है। उन्होंने सनातन संस्कृति का उल्लेख करते हुए दांपत्य जीवन को विश्वास, सहयोग, संवेदना और समर्पण का पवित्र संगम बताया।

मुख्यमंत्री ने अपनी जीवन यात्रा के हर सुख-दुख और संघर्ष में साथ निभाने के लिए पत्नी को धन्यवाद देते हुए शादी की सालगिरह की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री का यह भावुक पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई लोगों ने इसे सादगी, पारिवारिक मूल्यों और मजबूत रिश्ते की मिसाल बताया।