स्वतंत्र बोल
रायपुर, 20 मई 2026:आरंग में सतनामी समाज के पूर्व सरपंच के साथ कथित गौ सेवकों द्वारा मारपीट का मामला अब बड़ा मोड़ ले चुका है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया था। कई दिनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी गोल्डी शर्मा और उसके साथी अभिजीत शर्मा को आखिरकार पुलिस ने रायपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी लगातार पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन पुलिस की निगरानी और तकनीकी जांच के बीच बुधवार को दोनों को एयरपोर्ट से हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर माना थाना लाया गया।
पूरा मामला आरंग थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक 14-15 मई की रात ग्राम गुदगुदा के पूर्व सरपंच बाल कुमार कुर्रे पर मवेशी तस्करी का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इस दौरान हुई पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद सतनामी समाज में भारी नाराजगी फैल गई।
16 मई को बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग थाना पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक कुमार झा, डीएसपी लंबोदर पटेल समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया। आरोपियों की तलाश के लिए साइबर सेल और एसीसीयू की मदद ली गई। पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी रायपुर एयरपोर्ट के आसपास देखे जा सकते हैं, जिसके बाद वहां लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
डीएसपी लंबोदर पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया था और आरोपियों की लगातार तलाश जारी थी। तकनीकी साक्ष्यों और इनपुट्स के आधार पर दोनों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने साफ कहा है कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने समाज के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।


