“अमित शाह बड़े झूठे आदमी हैं…” भूपेश बघेल के इस बयान से छत्तीसगढ़ की राजनीति में मचा बवाल

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 20 मई 2026: छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी विस्फोट हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें “बड़ा झूठा आदमी” तक कह दिया। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और भाजपा-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

ad

रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा नेताओं ने “झूठ बोलने का ठेका” ले रखा है और अमित शाह बस्तर को लेकर गलत बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन व्यवस्थाओं को आज भाजपा अपनी उपलब्धि बता रही है, वे सब कांग्रेस सरकार के समय ही शुरू की गई थीं।

youtube

भूपेश बघेल ने कहा कि एक बार अमित शाह खुद उनसे कहकर अकेले बस्तर दौरे पर गए थे। उन्होंने कहा, “अमित शाह जी ने मुझसे कहा था कि मैं अकेले जाना चाहता हूं। वे सुकमा जिले के कैंप में गए, वहां राशन दुकान और स्कूल का निरीक्षण किया। उस समय राशन दुकान में राशन भरा था और स्कूलों में बच्चे पढ़ रहे थे। वे औचक निरीक्षण पर गए थे, किसी को पहले से जानकारी नहीं थी।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन कैंपों में सोलर लाइट, प्ले ग्राउंड, बाजार और आंगनबाड़ी केंद्र जैसी सुविधाएं उनकी सरकार ने उपलब्ध कराई थीं। उन्होंने कहा कि आज उन्हीं व्यवस्थाओं को नया नाम देकर पेश किया जा रहा है।

भूपेश बघेल ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि अगर नेता दौरा नहीं करें तो शिकायत होती है और दौरा करें तो भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा, “बाबा साहब दौरा कर रहे हैं, अच्छी बात है। नेताओं को दौरा करना चाहिए। इससे आखिर किसको तकलीफ है?”

इसके साथ ही उन्होंने अमित शाह के पुराने वादे को लेकर भी सवाल खड़े किए। बघेल ने कहा कि अमित शाह ने बस्तर में नक्सलमुक्त गांवों की पंचायतों को 1 करोड़ रुपए देने का वादा किया था। उन्होंने पूछा कि अब तक कितनी पंचायतों को यह राशि दी गई है।

पूर्व सीएम ने कहा कि अगर बस्तर की करीब 2000 पंचायतें नक्सलमुक्त हुई हैं, तो सरकार को 2000 करोड़ रुपए जारी करने चाहिए। अन्यथा अमित शाह को बस्तरवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

भूपेश बघेल के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। अब भाजपा की ओर से पलटवार का इंतजार किया जा रहा है।