स्वतंत्र बोल
जगदलपुर, 19 मई 2026: बस्तर की जिस धरती पर कभी नक्सलियों का खौफ छाया रहता था, वहां अब बदलाव की नई तस्वीर दिखाई देने लगी है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार गांव पहुंचे, जहां उन्होंने सीआरपीएफ कैंप में “शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा” यानी जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान शाह ने ग्रामीण महिलाओं से मुलाकात की, योजनाओं की जानकारी ली और बस्तर की मशहूर इमली का स्वाद भी चखा।
इमली प्रसंस्करण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही स्व सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत करते हुए अमित शाह ने जाना कि कैसे महिलाएं इमली प्रसंस्करण कर अपनी आय बढ़ा रही हैं। महिलाओं ने बताया कि वे उच्च गुणवत्ता वाला इमली पल्प तैयार कर रही हैं और इससे सालाना एक लाख रुपए तक की कमाई संभव हो रही है। गृह मंत्री ने इमली चखने के बाद कहा कि “बस्तर की इमली में बहुत मिठास है।”
इस दौरान समूह की सदस्य लंबी नाग ने बताया कि गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह से जुड़ने के बाद महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। शाह ने महिलाओं के काम की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भर बस्तर की मिसाल बताया।
गृह मंत्री ने सेवा सेतु केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों को आधार कार्ड, केवाईसी, मोबाइल अपडेट और विभिन्न ऑनलाइन प्रमाण पत्रों की सुविधा गांव में ही मिल रही है। नेतानार की रहने वाली सुखदेवी ने बताया कि पहले आधार कार्ड बनवाने के लिए उन्हें 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही सारी सुविधाएं मिलने लगी हैं।
महिलाओं को बैंक सखी प्रशिक्षण और सिलाई केंद्र में दिए जा रहे प्रशिक्षण की भी जानकारी अमित शाह ने ली। प्रशिक्षण ले रहीं विजय कुमारी ने बताया कि सिलाई सीखने के बाद वे अपने परिवार का बेहतर पालन-पोषण कर सकेंगी। गृह मंत्री ने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में भी ग्रामीण महिलाओं से चर्चा की और इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला प्रयास बताया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai, उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma, मुख्य सचिव विकासशील समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


