बिलासपुर। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया एक युवक देखते ही देखते मौत के गहरे पानी में समा गया। बिलासपुर के चचई डैम में हुआ यह हादसा इतना दर्दनाक था कि जिसने भी सुना उसकी रूह कांप गई। एक बच्चे की जान बचाने के लिए युवक बिना अपनी परवाह किए पानी में कूद पड़ा, लेकिन उसी बहादुरी ने उसकी जिंदगी छीन ली।
घटना कोटा थाना क्षेत्र के लछनपुर स्थित चचई डैम की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक जरहाभाठा इलाके से करीब 10 से 15 युवक रविवार को पिकनिक मनाने यहां पहुंचे थे। कुछ लड़के डैम में नहा रहे थे, तभी एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चे को तड़पता देख वहां मौजूद 20 वर्षीय Dheeraj Ratre बिना देर किए पानी में कूद गया।
बताया जा रहा है कि धीरज ने किसी तरह बच्चे को अपनी पीठ पर लादकर बाहर निकाल दिया। बच्चा तो बच गया, लेकिन धीरज खुद गहरे पानी में फंस गया और देखते ही देखते डैम में डूब गया। दोस्तों के चीखने-चिल्लाने के बीच कुछ ही पलों में वह पानी के अंदर गायब हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
एएसपी Madhulika Singh ने बताया कि बच्चा डूब रहा था, जिसे बचाने के दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और उसकी मौत हो गई। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जिस युवक ने किसी की जिंदगी बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी, अब उसी की बहादुरी की चर्चा हर तरफ हो रही है।


