स्वतंत्र बोल
कबीरधाम,16 मई 2026: पेट्रोल-डीजल को लेकर फैल रही अफवाहों और बढ़ती भीड़ के बीच कबीरधाम जिला प्रशासन ने बड़ा बयान जारी किया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में किसी भी पेट्रोल पंप पर ड्राई आउट जैसी स्थिति नहीं है और ईंधन की सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
जिले में लगातार पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए तेल कंपनियां नियमित रूप से सप्लाई कर रही हैं। प्रशासन के मुताबिक आम लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने की आवश्यकता नहीं है।
जिले में 58 पेट्रोल पंपों पर जारी है सप्लाई
जानकारी के अनुसार कबीरधाम जिले में फिलहाल कुल 58 पेट्रोल और डीजल पंप संचालित हैं। इनमें Bharat Petroleum के 14, Indian Oil Corporation के 28, Hindustan Petroleum के 14 और Nayara Energy के 2 पेट्रोल पंप शामिल हैं।
कीमत बढ़ी, लेकिन सप्लाई नहीं रुकी
तेल कंपनियों द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 3 रुपये की बढ़ोतरी जरूर की गई है, लेकिन इसके बावजूद जिले में ईंधन की आपूर्ति लगातार जारी है। प्रशासन ने दावा किया है कि सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है।
अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें, ताकि अनावश्यक भीड़ और भ्रम की स्थिति न बने।


