स्वतंत्र बोल
रायपुर,16 मई 2026: रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये के मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के बाद ड्रग तस्करों और नशे के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन ने 5 करोड़ 65 लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जब्त मादक पदार्थों को विधिवत तरीके से नष्ट किया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस कमिश्नर Sanjeev Shukla के मार्गदर्शन में की गई। सिलतरा स्थित SMS Watergrace Enviroprotect Private Limited में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की मौजूदगी में नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
गांजा से कोकेन तक… सब खत्म
पुलिस के मुताबिक सेंट्रल जोन के अलग-अलग थानों में दर्ज कुल 97 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें भारी मात्रा में गांजा, चरस, ब्राउन शुगर, एमडीएमए ड्रग्स और कोकेन शामिल था।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में लगभग 494 किलो गांजा, 11 हजार 964 कैप्सूल और टैबलेट, 11 किलो से ज्यादा चरस, ब्राउन शुगर, एमडीएमए और कोकेन जैसी खतरनाक ड्रग्स शामिल रहीं।
पूरी कार्रवाई की गई कैमरे में रिकॉर्ड
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) Umesh Prasad Gupta, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा मौजूद रहे।
पुलिस ने बताया कि नष्टीकरण से पहले पर्यावरणीय अनुमति, एनओसी और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गई थीं। पूरी कार्रवाई सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप की गई और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई।
अब सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, पूरे नेटवर्क पर वार
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने साफ किया है कि अब कार्रवाई सिर्फ ड्रग्स पकड़ने और आरोपियों को जेल भेजने तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस अब पीआईटी-एनडीपीएस कानून और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के जरिए नशे के पूरे आर्थिक नेटवर्क को खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार बहुआयामी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।


